देव दीपावली पर अवश्य करें दीपदान
अद्यतन कालक्रम संवादसूत्र : आचार्य धीरज द्विवेदी “याज्ञिक”, प्रयागराज
कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी में दीप प्रवाहित करने का प्रचलन है। इसी दिन देव दीपावली है, दीपक का दान करना,दीप को नदी में प्रवाहित करना या दीप को जलाकर उसे उचित स्थान पर रखना दीपदान कहलाता है।
देव दिवाली के दिन भगवान शिव के निमित्त आटे का पंचमुखी दीपक बनाएं और शुद्ध घी का दीया या शुद्ध तेल का दीया प्रज्ज्वलित कर मध्यरात्रि में नदी या तालाब में छोड़ें। मान्यता है इससे जीवन के दुख-दोषों से मुक्ति मिलती है।
दीपदान करने के लाभ
कार्तिक पूर्णिमा के दिन सभी देवी-देवता गंगा के तट पर एकत्रित होकर स्नान करके दीपावली मनाते हैं। यदि इस समय पवित्र नदी के तट पर दीपदान किया जाए तो सभी देवी-देवताओं का एक साथ आशीर्वाद मिलता है। इस दिन भंडार गृह,नदी और तालाबों के निकट,भगवान् के समक्ष और द्वार पर अवश्य दीपक जलाएं इससे देवताओं का आशीर्वाद और धनलाभ व आयुलाभ प्राप्त होता है।
अकाल मृत्यु से बचाता है दीपदान
इस दिन किया गया दीपदान जातक को असमय या अकाल मृत्यु से बचाता है।अर्थात् उसकी कभी भी किसी घटना या दुर्घटना में मृत्यु नहीं होगी।अपने मृतकों की सद्गति के लिए भी करते हैं दीपदान।मोक्ष प्राप्ति के लिए करते हैं दीपदान।
बुरी नकारात्मक शक्तियों से बचाता है दीपदान
इस दिन किया गया दीपदान सभी तरह की अला-बला, गृहकलह और संकटों से बचाता है साथ ही यम, शनि, राहु और केतु के बुरे प्रभाव से बचने के लिए भी दीपदान करते हैं। जीवन से अंधकार मिटकर सकारात्मकता का प्रकाश चाहू ओर फैल जाता है।
जीवन की बाधा हटाता दीपदान
जीवन में हर क्षेत्र में सफल होने के लिए और किसी भी तरह की पूजा या मांगलिक कार्य की सफलता हेतु दीपदान अवश्य करें।
सुख समृद्धि के लिए करें दीपदान
इस दिन दीपदान करने से घर में धन, सुख, समृद्धि और शांति का वर्षभर निवास रहता है।लक्ष्मी माता और भगवान विष्णु प्रसन्न होकर कृपा करते हैं।कार्तिक माह में भगवान विष्णु या उनके अवतारों के समक्ष दीपदान करने से समस्त यज्ञों,तीर्थों और दानों का फल प्राप्त होता है।


