अंतरराष्ट्रीय बालविवाह निषेध दिवस पर गया में कार्यशाला का आयोजन

अद्यतन कालक्रम न्यूज संवादसूत्र : गयाजी

जिले में बाल विवाह की दर में 7.8 प्रतिशत की ऐतिहासिक गिरावट; एक वर्ष में रोके गए 84 बाल विवाह
23 पंचायतों ने लिया ‘बाल विवाह मुक्त’ बनने का संकल्प, दो जागरूकता रथ हुए रवाना

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में कवच परियोजना एवं महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC), गया के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा ने की।


कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि सामूहिक प्रयासों से गया जिले में बाल विवाह के आंकड़ों में बड़ी गिरावट आई है। NFHS-5 (2019-21) में यह दर 40.10% थी, जो NFHS (2023-24) में घटकर 32.3% रह गई है (राज्य का औसत 34.6% है)। उन्होंने जानकारी दी कि 27 नवंबर 2025 से अब तक पंचायत बाल संरक्षण समितियों और आंगनवाड़ी सेविकाओं के सहयोग से जिले में 84 बाल विवाह रोके गए हैं। इसके साथ ही, 100 दिवसीय अभियान के तहत चिह्नित 11,197 अनामांकित व विद्यालय से बाहर की बालिकाओं में से 8,771 बालिकाओं का पुनः विद्यालय में नामांकन कराया गया है, तथा 15,680 जोखिमग्रस्त बच्चों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया है। वर्तमान में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
23 पंचायतों का संकल्प और जागरूकता रथ रवाना
कार्यशाला के दौरान जिले की 23 पंचायतों के मुखियाओं ने ग्राम सभा के माध्यम से अपनी पंचायत को ‘बाल विवाह मुक्त’ बनाने का संकल्प लिया, जिन्हें पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंचासीन अतिथियों- सहायक निदेशक (बाल संरक्षण), अभय कुमार, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), आकाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के CDO डॉ. पंकज कुमार एवं डॉ. रश्मि वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दो जागरूकता रथों को रवाना किया। ये रथ ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करेंगे।


कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के CDPO, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिकाएं, मुखिया तथा स्वयंसेवी संस्थाओं (प्रयास से देवेन्द्र कुमार मिश्र, प्रथम से राम शंकर कुमार व आर्यन मोहन आदि) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में CDO डॉ. पंकज कुमार ने सभी के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Google search engine

Google search engine

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *