मानपुर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ भव्य खरना महाप्रसाद वितरण
अद्यतन कालक्रम संवादसूत्र : गयाजी
गयाजी के मानपुर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ भव्य खरना महाप्रसाद वितरण, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना के पवित्र अनुष्ठान के उपरांत गयाजी के मानपुर स्थित जनकपूर मोहल्ला वार्ड संख्या 50 (पुलिस कॉलोनी) निवासी स्वर्गीय उद्योगपति बादल सिन्हा के आवास पर शहरवासियों के लिए एक भव्य खरना महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से पहुँचे हजारों श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों व परिचितों ने पूरी श्रद्धा के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया।

इस पावन अवसर पर स्वर्गीय बादल सिन्हा के भाई काजल सिन्हा ने आत्मीयता और सेवा भाव के साथ अपने हाथों से सभी आगंतुकों को खरना का पवित्र खीर-रोटी रूपी महाप्रसाद परोसा, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत में वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष सिंह ने पूजा-अर्चना कर संपूर्ण जिलावासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मणिपाल सिग्ना की पूर्व इंडिया हेड राजरूपा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं।
इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष सिंह, युवा समाजसेवी आकाश प्रियदर्शी उर्फ एपी, स्पष्ट सिन्हा, शिखा सिन्हा ,मानपुर निवासी भाजपा युवा नेता अभिषेक सिंह तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अनुशासनबद्ध और भव्य आयोजन ने एक बार फिर गयाजी की साझा संस्कृति, आपसी सौहार्द और भाईचारे का एक अनूठा संदेश प्रसारित किया जहाँ सभी ने जाति और वर्ग के बंधनों से ऊपर उठकर महाप्रसाद का आनंद लिया।


